बड़ी खबर - भूकंप के तेज झटकों से हिली धरती , डर से घरों के बाहर निकले लोग
गुवाहाटी 15 सितम्बर 2025 - असम के उदलगुड़ी जिले समेत उत्तर-पूर्व भारत के कई हिस्सों में रविवार शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (IMD) के अनुसार, यह भूकंप शाम 5:20 बजे आया और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.8 दर्ज की गई। हालांकि प्रारंभिक रिपोर्ट में किसी तरह की जनहानि या बड़े पैमाने पर संपत्ति के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए, जिसके कारण लोग घबराकर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। उदलगुड़ी, गुवाहाटी और आसपास के जिलों में भूकंप का असर स्पष्ट रूप से दर्ज किया गया। इसके अलावा नगालैंड, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में भी हल्के झटके महसूस किए जाने की जानकारी मिली है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) ने बताया कि भूकंप के तुरंत बाद जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। फिलहाल, किसी भी तरह की क्षति का आकलन करने के लिए राहत और बचाव दल को इलाके में भेजा गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पूर्व भारत भूकंपीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील क्षेत्र है और यह "सीस्मिक जोन-V" के अंतर्गत आता है। यहां समय-समय पर मध्यम और हल्के तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। पिछले वर्षों में भी असम और मणिपुर में कई बार ऐसे झटके महसूस किए जा चुके हैं।
















