छत्तीसगढ़ - पढ़े साल 2024 में घटी वो 10 घटनाएं जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था
रायपुर , 31-12-2024 11:22:44 PM
रायपुर 31 दिसम्बर 2024 - कुछ घंटे के बाद साल 2024 हम सबसे विदा हो जाएगा. ये साल अब सिर्फ यादों में रह जाएगा. छत्तीसगढ़ में 2024 में कई बड़ी घटनाएं हुई, जिसे हर कोई याद रखेंगे. इन घटनाओं ने हर किसी का दिल दहला दिया था. आइए साल 2024 की बड़ी घटनाओं के बारे में जानते हैं।
01 - कवर्धा जिले में 20 मई को तेज रफ्तार पिकअप पलटकर 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया था. इस हादसे में 19 लोगों की मौत हुई थी. वहीं 7 से ज्यादा लोग घायल हुए थे. हादसा कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास हुआ था. मरने वालों में 18 महिलाएं शामिल थी. इनमें मां-बेटी सहित 3 बच्चियां भी हैं. हादसे के दौरान पिकअप में 25 लोग सवार थे. सभी लोग तेंदूपत्ता तोड़कर गांव लौट रहे थे. हादसा इतना जबरदस्त था कि 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
02 - बलौदाबाजार में हुई आगजनी और हिंसा की घटना को 6 महीने पूरे हो गए हैं. इस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया था. इस घटना में उपद्रवियों ने कलेक्टर और एसपी कार्यालय को जला दिया था. हिंसा में उपद्रवियों ने 12.5 करोड़ की शासकीय एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था।
गिरौदपुरी धाम स्थित महकोनी ग्राम के अमरगुफा में तोड़फोड़ की घटना से समाज के लोगों में आक्रोश था. इस घटना को लेकर 10 जून को बलौदाबाजार के दशहरा मैदान में एक सभा आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेशभर से सतनामी सामाज के लोग शामिल हुए थे. ज्ञापन सौंपने रैली के रूप में कलेक्ट्रेट कार्यालय की ओर जाने के दौरान कुछ उपद्रवी लोगों ने बलौदाबाजार के कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय को आग के हवाले कर दिया था. इस आगजनी में दो दमकल की गाड़ियां सहित 200 से अधिक वाहन जलकर खाक हुए थे. वहीं 25 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
03 - कवर्धा जिले के लोहारिडीह में 14 सितंबर की रात शिव प्रसाद साहू की लाश मध्यप्रदेश के बिरसा थाने के क्षेत्र में पेड़ से लटकती मिली थी. शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने हत्या के शक पर रघुनाथ साहू के घर को आग लगा दी, जिससे रघुनाथ साहू की जलने से मौत हो गई. वहीं इस मामले में पुलिस ने 33 महिला समेत 69 ग्रामीणों को हत्या के शक में गिरफ्तार किया है. इसी बीच 19 सितंबर को हत्या के आरोप में बंद प्रशांत साहू की जेल में मौत हो गई।
इसके बाद सरकार ने बड़ा एक्शन लेते हुए रेंगाखार थाने के निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक सहित वहां पदस्थ कुल 23 पुलिसकर्मियों को हटा दिया था. वहीं कबीरधाम एसपी, कलेक्टर को हटा दिया था. इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईपीएस विकास कुमार को निलंबित किया गया था।
04 - भिलाई के कुम्हारी थाना क्षेत्र में केडिया डिस्टलरी कंपनी की कर्मचारियों से भरी बस पोल से टकराकर 50 फीट गहरी खाई में गिरने से 13 कर्मचारियों की मौत हुई थी, वहीं 15 घायल हुए थे. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था. यह घटना 10 अप्रैल की है. बस में करीब 30 से 35 कर्मचारी सवार थे, जिनमें 13 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 3 महिलाएं भी थी. वहीं 15 कर्मचारी घायल हुए थे।
05 - बलौदाबाजार जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 9 लोगों की मौत हुई थी. बलौदाबाजार जिले में 7 लोगों की एक साथ जान गई थी. यह घटना 8 सितंबर की है. सभी शाम 5 बजे पेड़ के नीचे बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई. वहीं अभनपुर में भी भाई-बहन की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हुई थी. इस घटना ने हर किसी का दिल झकझोर दिया था।
06 - सूरजपुर जिले में प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या कर दोनों के शव को घर से करीब 5 किमी दूर पीढ़ा गांव में नहर के पास फेंक दिया गया था. इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था. इस मामले में आईजी ने विशेष जांच टीम का गठन किया था. आरोपी कुलदीप साहू समेत 5 आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष सीके चौधरी भी शामिल था. पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
07 - सरगुजा जिले के सीतापुर में आदिवासी युवक संदीप लकड़ा की दृश्यम फिल्म की स्टाइल में हत्या की गई थी. घटना के बाद से मुख्य आरोपी ठेकेदार अभिषेक पांडेय फरार था, जिसे सरेंडर करने कोर्ट पहुंचने पर सरगुजा पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
बता दें कि सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलजोरा में रहने वाले मृतक आदिवासी युवक संदीप लकड़ा तीन महीना से लापता था. विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि संदीप लकड़ा के शव को मैनपाट के ग्राम लुरैना में पानी टंकी के नीचे दफनाया गया है. पुलिस ने पानी टंकी को ढहाकर 15 फीट नीचे से शव को बरामद किया था।
08 - दुर्ग पुलिस ने भिलाई नगर थाना क्षेत्र में जयंती स्टेडियम के सामने हिस्ट्रीशीटर बदमाश अमित जोश को एनकाउंटर में मार गिराया था. निगरानी शुदा बदमाश अमित जोश लंबे समय से फरार चल रहा था. उसने 25-26 जून 2024 की रात फायरिंग कर दो लोगों पर जानलेवा हमला किया था. अमित जोश के दहशत से दुर्ग पुलिस परेशान थी. एनकाउंटर में ढेर हुआ बदमाश अमित जोश आदतन अपराधी था. उस पर 40 से ज्यादा मामले पुलिस में दर्ज थे।
09 - बलरामपुर जिला मुख्यालय में 24 अक्टूबर को पुलिस कस्टडी में गुरु चंद मंडल की मौत से पूरे जिले में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी. बलरामपुर कोतवाली में समाज के लोगों ने काफी तोड़फोड़ की थी. पुलिस ने काफी मशक्कत कर मामला शांत कराया था।
10 - बलौदाबाजार जिले से दिल दहलाने वाला मामला सामने आया था, जहां एक ही परिवार के 4 लोगों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. यह मामला कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम छरछेद का है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया आरोपियों ने टोनही के संदेह में 2 बहन, 1 भाई और 1 बच्चे की निर्मम हत्या की है. पुलिस ने संदेह के आधार पर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तीनों एक ही परिवार के थे।
















