एक्सिस बैंक में करोड़ो की डकैती , 05 लुटेरों ने दिया वारदात को अंजाम , पूरे शहर में नाकेबंदी
बिहार , 01-08-2023 11:15:06 PM
वैशाली 01 जुलाई 2023 - वैशाली जिले के लालगंज में तिनपुल्वा चौक पर स्थित एक्सिस बैंक में मंगलवार को बड़ी लूट हुई है। इस लूट की वारदात को दो बाइक पर आए पांच हथियारबंद बदमाशों ने अंजाम दिया है। बताया जाता है कि बैंक में घुसते ही बदमाशों ने बैंक के CCTV कैमरों को तोड़ दिया। इसके बाद लूट की घटना को अंजाम दिया।
बदमाश करीब 01 करोड़ रुपये से ज्यादा लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई है। पुलिस टीम घटना को लेकर हर एंगल पर जांच कर रही है। इस घटना से लालगंज तिनपुलवा चौक पर अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। देखते ही देखते खबर आग की तरह फैल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। लुटेरों के लिए पुलिस आसपास के दुकानों की CCTV फुटेज खंगाल रही है।
बताया यह भी जा रहा है कि बदमाश लूट के दौरान CCTV की हार्ड डिस्क को भी अपने साथ ले गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बैंक खुलते ही वहां दो बाइक पर पांच बदमाश पहुंचे और बैंक को लूट लिया। कुछ कर्मचारियों ने बताया कि वे लोग अभी फील्ड से आए हैं। उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं हैं। इस घटना को लेकर लोग जिला पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
















