छत्तीसगढ़ - महिला सरपंच पर भालू ने किया जानलेवा हमला , गंभीर हालत में सिम्स रिफर
बलौदा बाजार , 24/07/2024 5:03:04 AM
बलौदाबाजार 25 नवम्बर 2022 - छत्तीसगढ़ के बिलाईगढ़ से महिला पर भालू के हमला करने का मामला सामने आया है। महिला धान मिंजाई कराने गई हुई थी इस दौरान मादा भालू ने उस पर हमला कर दिया हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल महिला गांव की सरपंच है। दरअसल बिलाईगढ़ विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत लिमतरी की सरपंच पार्वती साहू आज सुबह नरधा मंडी के पास स्थित अपने खेत में धान मिंजाई कराने गई थी।
इस दौरान खेत में ही एक मादा भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर , गला और सीने में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद महिला सरपंच को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में भर्ती कराया गया जँहा से प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स हॉस्पिटल बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी बिलाईगढ़ ने पीड़िता को 02 हजार की तत्काल सहायता राशि भी प्रदान किया। वहीं, बताया जा रहा है कि, नरधा मंडी के पास खेत में भालू ने गड्ढा खोदकर अपने एक शावक को भी छोड़ दिया है। इसकी जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शावक की देख रेख में जुट गई। साथ ही आस पास के लोगों से भालू से दूरी बनाए रखने की अपील भी की।
















