रायपुर 22 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर 13 अक्टूबर 2026 से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे 229 पटवारियों को प्रशासन ने काम पर लौटने का नोटिस जारी किया था। वहीं, आज 22 नवंबर को पटवारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया है। इससे लंबे समय से प्रभावित राजस्व विभाग के कामकाज के फिर से सामान्य होने की उम्मीद है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने सीएम विष्णु देव साय से मुलाकात कर चर्चा के बाद हड़ताल स्थगित करने का ऐलान किया है। पीवी एप की विसंगतियों को दूर करने समेत कई मांगो को लेकर प्रदेश के पटवारी लगभग 40 दिनों से लगातार हड़ताल पर थे, जिसके चलते राजस्व कामकाज प्रवभावित रहा। वहीं इस मामले में अब तक करीब 200 पटवारी सस्पेंड किए गए है। इसके आलावा 3000 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ था। साथ ही 50 पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई भी की गई है।

छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी हड़ताल खत्म करने के बाद मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर जल्द निर्णय लेने का अनुरोध किया है। संघ ने हड़ताल की अवधि के दौरान की गई कार्रवाई को शून्य करने और आंदोलन की अवधि को कार्य दिवस मानते हुए वेतन देने की मांग रखी है। इसके साथ ही वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति से जुड़े मामलों में जल्द आदेश जारी करने की मांग की गई है। संघ ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जनदर्शन सेवा शुरू करने का भी अनुरोध किया है।