भोपाल 30 सितम्बर 2021 - राजधानी के एमपी नगर थाना क्षेत्र में एक बिल्‍डिंग के सिक्‍युरिटी गार्ड द्वारा अपने साथी सुपरवाइजर की गोली मारकर हत्‍या कर दी गई। घटना गुरुवार सुबह की है। बताया जाता है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर सुबह कहासुनी हुई थी, जिससे आक्रोश में आकर गार्ड ने सुपरवाइजर को गोली मार दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबकि एक सुबह 09.30 बजे करीब निर्माण सदन में तैनात गार्ड मयंक तिवारी और गार्ड सुपरवाइजर राजकुमार ठाकुर के बीच कहा सुनी हुई। विवाद बढ़ने पर मयंक ने बंदूक उठाई और राजकुमार को निशाना बनाते हुए फायर कर दिया। 

गोली राजकुमार के सीने व पेट में दाहिने तरफ लगी। उसे तत्काल जेपी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्‍टर ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों गार्ड सर्वोदय सिक्योरिटी एजेंसी की ओर से निर्माण सदन में तैनात किए गए थे।