सक्ती 02 अक्टूबर 2026 - सक्ती जिला पुलिस ने क्षेत्र के आदतन गुंडा बदमाशों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है इसी कड़ी में आदतन बदमाश राजकुमार उर्फ भोलू अग्रवाल के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया है। साथ ही राजकुमार उर्फ भोलू अग्रवाल के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई हेतु पृथक प्रतिवेदन जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

सक्ती SP प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में सक्ती पुलिस द्वारा क्षेत्र में सक्रिय आदतन अपराधियों एवं गुंडा बदमाशों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में थाना सक्ती क्षेत्र के आदतन गुंडा बदमाश राजकुमार उर्फ भोलू अग्रवाल पिता पवन अग्रवाल, उम्र 31 वर्ष, निवासी हटरी चौक, सक्ती के विरुद्ध उपलब्ध आपराधिक अभिलेख एवं उसके आपराधिक आचरण को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस द्वारा वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस द्वारा उक्त गुंडा बदमाश राजकुमार उर्फ भोलू अग्रवाल के विरुद्ध उपलब्ध आपराधिक अभिलेखों एवं वर्तमान परिस्थितियों का परीक्षण करते हुए जिला बदर की कार्रवाई हेतु पृथक से प्रतिवेदन सक्षम जिला दंडाधिकारी महोदय, जिला सक्ती के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। जिला बदर संबंधी प्रकरण में सक्षम प्राधिकारी द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत प्रभावी एवं निरंतर कार्रवाई की जाएगी।