ग्वालियर 27 नवम्बर 2021 - स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में पिछड़ने के बाद अब ग्वालियर नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी का परिणाम है कि अब एक दो दिन बाद गाडियों में नया गाना बजा करेगा। जबकि अभी तक बजने वाला गाना " गाड़ी वाला आया घर से कचरा निकाल " बजना बंद हो जाएगा। इसकी जगह अब नया गीत बनाया जा रहा है, जो कि संभवत: घरों में दो प्रकार के डस्टबीन रखने के लिए प्रेरित करेगा।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 की तैयारियां नगर निगम ने दो माह पूर्व ही प्रारंभ कर दी है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में पिछड़ने के बाद अब नगर निगम नए सिरे से शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने में जुटा है। इसके लिए उसने मानीटरिंग सिस्टम भी लागू कर दिया है। इसके साथ ही सख्ती बरतनी भी प्रारंभ कर दी है। इसके चलते शुक्रवार को गंदगी फैलाने, या खुले में शौच, पेशाब करने व दुकानों पर डस्टबिन न होने पर विभिन्न वार्डों में जुर्माने की कार्रवाई की गई है।