सुकमा 14 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के मेट्टागुड़म कैंप में पदस्थ CRPF के सब इंस्पेक्टर ने अपने सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए इल्मागुड़ा कैंप ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना मध्यरात्रि लगभग 12 बजे से 12:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृत सब इंस्पेक्टर का नाम देवानंद यादव है जो मेट्टागुड़म कैंप में 131वीं वाहिनी CRPF में पदस्थ थे।

गोली चलने की जानकारी मिलते ही कैंप में मौजूद साथी जवानों और अधिकारियों ने तत्काल उन्हें फील्ड एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक इलाज के लिए इल्मागुड़ा कैंप पहुंचाया। लेकिन उपचार के दौरान उपनिरीक्षक देवानंद यादव की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

उपनिरीक्षक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं मृतक के पार्थिव शरीर का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे उनके गृह ग्राम भेजने की व्यवस्था की जा रही है।