नासिक 08 अक्टूबर 2022 -  महाराष्ट्र के नासिक में शुक्रवार रात एक्सीडेंट के बाद एक बस में आग लग गई और बड़ा हादसा हो गया. स्थानीय पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर हादसे में 9 लोगों के मारे जाने की खबर है. फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई है. पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन किया है.

ये हादसा नासिक-औरंगाबाद हाईवे पर तड़के हुआ. लग्जरी बस औरंगाबाद से नासिक की ओर जा रही थी. गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों को अस्पताल ले जाने के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची.

नासिक पुलिस ने बताया कि बीती रात बस में आग लग गई थी. हादसे में 9 लोगों की मौत की आशंका है. शव और घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया है. अभी भी डॉक्टर की पुष्टि के साथ मौतों की सही संख्या का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

बताया गया है कि बस का पहले हादसा हुआ, फिर तुरंत बाद आग लग गई, जिसमें कई यात्री फंस गए. घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया. कई घायलों को बचा लिया गया और उन्हें सिविल अस्पताल और निजी अस्पतालों में भेजा गया है।