धार 26 सितंबर 2026 - मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बागेड़ी डैम में विसर्जन के लिए पहुंचे तीन युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई। तीनों सरस्वती कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनकी उम्र करीब 18 से 20 वर्ष के बीच बताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
जानकारी के मुताबिक सरस्वती कॉलोनी के लोग गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए बागेड़ी डैम पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान तीन युवक पानी में उतर गए। बताया जा रहा है कि वे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और देखते ही देखते डूबने लगे। युवकों को डूबता देखकर वहां मौजूद लोगों ने युवकों को बचाने की कोशिश शुरू की। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। इसके बाद तीनों युवकों को पानी से बाहर निकालकर बदनावर के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटना की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई। पुलिस हादसे के समय मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।













