जांजगीर चाम्पा 25 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में शराब पीने से पार्षद समेत दो लोगों की हुई संदिग्ध मौत के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। इस मामले में पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। जांच में आर्थिक लेन-देन का विवाद सामने आया है। हालांकि पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतेजार है और जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा करेगी।
जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद रामखिलावन जांगड़े, ग्राम पनगांव निवासी जोहित खरे, राजा खरे और मुकेश कश्यप 23 अक्टूबर की रात पामगढ़ स्थित शराब दुकान से इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब की तीन बोतलें लेकर गए थे। शराब पीने के बाद रामखिलावन जांगड़े और जोहित खरे की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पामगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया। बिलासपुर में उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक जोहित खरे ने राजा खरे को लगभग 10 लाख रुपये उधार दिया था और वह लगातार रकम लौटाने की मांग कर रहा था। इस आर्थिक लेन-देन के विवाद को भी पुलिस जांच में शामिल कर रही है। साथ ही शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट किए जाने की आशंका के संबंध में भी जांच की जा रही है।
मामले में संदेही राजा खरे और मुकेश कश्यप को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। राजा खरे वर्तमान में सिम्स, बिलासपुर में भर्ती है। पुलिस के अनुसार, चिकित्सकीय परीक्षण में उसकी स्थिति को लेकर जानकारी प्राप्त हुई है। एहतियातन पुलिस बल की निगरानी में उसे अस्पताल में रखा गया है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से कर रही है। शराब के नमूनों की जांच, चिकित्सकीय रिपोर्ट, संबंधित व्यक्तियों के बयान और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच में प्राप्त तथ्यों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












