सूरजपुर 25 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र स्थित रेड नदी घाट पर नहाने पहुंचे पांच लोग पानी में डूब गए। इनमें चार युवक और एक नाबालिग शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक दो युवकों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य युवकों और एक नाबालिग की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर के चंदरपुर में किराए के मकान में रहने वाले चार दोस्त शनिवार सुबह एक नाबालिग के साथ रेड नदी में नहाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण सभी के डूबने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सभी लोग एक साथ कैसे डूब गए, इसकी पूरी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, SDRF के रेस्क्यू अभियान में दो युवकों के शव बरामद होने की पुष्टि हुई है। हालांकि मृतकों और लापता लोगों के नाम तथा उम्र से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। तीन लोगों का अभी तक पता नहीं चल सका है। ऐसे में बचाव अभियान जारी है और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।












