कानपुर 25 अक्टूबर 2026 - उत्तरप्रदेश के कानपुर जिले के सजेती थाना क्षेत्र के पुराऊपुर गांव में हुए झगड़े के दौरान एक महिला पर अपने देवर के प्राइवेट पार्ट पर दांतों से काटने का आरोप लगा है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले घाटमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, उपचार के दौरान युवक को 55 टांके लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सजेती थाना क्षेत्र के पुराऊपुर गांव में रहने वाले एक युवक का अपनी भाभी के बेटे से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि भाभी का बेटा अपनी चाची के घर गया हुआ था। वहां किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान युवक ने बच्चे की पिटाई कर दी, जबकि युवक की पत्नी ने भी उसे डांटा। इसके बाद बच्चे ने घर पहुंच कर अपनी मां को पूरी बात बताई। बेटे की पिटाई की जानकारी मिलने पर महिला नाराज हो गई।
उसके बाद उसकी मां अपने देवर के पास पहुंची। वहां बच्चों के बीच हुए झगड़े को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान महिला ने अपने देवर पर हमला कर दिया और उसके प्राइवेट पार्ट पर दांतों से काट लिया। घायल युवक की पत्नी ने अपनी जेठानी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
एसीपी घाटमपुर के अनुसार, घायल युवक की पत्नी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपी महिला का पति गुजरात में नौकरी करता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह भी वापस आ रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।












