ग्वालियर 02 अगस्त 2026 - मध्य प्रदेश के ग्वालियर ज़िले में पति के किन्नरों के साथ चले जाने के बाद देवर ने शादी का झांसा देकर भाभी के साथ दुष्कर्म किया है। महिला ने अपने देवर पर शादी का झांसा देकर पिछले चार साल से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। शादी से मुकर जाने के बाद महिला ने थाने पहुंचकर देवर के खिलाफ लिखित शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दअरसल मुरार थाना क्षेत्र के काशीपुरा सिंहपुर रोड निवासी 27 साल की पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में काशीपुरा में हुई थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए। एक 8 साल का बेटा और एक 5 साल की बेटी हुई। महिला के अनुसार शादी के करीब 4 साल बाद उसका पति उसे और घर छोड़कर किन्नरों के साथ चला गया और तभी से वह किन्नरों के साथ ही रह रहा है।
इसके बाद महिला अपने दो बच्चों के साथ मायके में रहने लगी। आरोप है कि इसी दौरान देवर भूपेन्द्र कुशवाह ने उससे दूसरी शादी करने का वादा किया। इसी झांसे में आकर अप्रैल 2022 से भूपेन्द्र ने उसके साथ पति-पत्नी की तरह संबंध बनाए। महिला का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो भूपेन्द्र ने शादी करने से इनकार कर दिया।
अपने साथ हुए इस धोखे की शिकायत महिला ने मुरार थाने पहुंचकर पुलिस से की। पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी देवर के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।









