रायपुर 24 सितंबर 2026 - देशभर में मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन कई हिस्सों में झमाझम बारिश देखने को मिल रही है। बात करें छत्तीसगढ की तो यहां बारिश की गतिविधियां अभी भी जारी है। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ में अभी भी मानसून सक्रिय नजर आ रहा है और बारिश का दौर भी जारी है। मौसम विभाग ने कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने कई हिस्सों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी की है। साथ ही रायपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद और बालोद के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया कि इन हिस्सों में जमकर बारिश होगी।
दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अर्नब पिछले 6 घंटे में 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। बुधवार सुबह 5:30 बजे यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से करीब 70 किमी दूर समुद्र में था। चक्रवात रात तक ओडिशा के कलिंगपट्टनम तट से टकराने की संभावना थी। यहीं वजह है कि छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी 23 सितंबर 2026 तक के बारिश के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में मानसून का प्रभाव मिला-जुला देखने को मिल रहा है। राज्य में 1 जून से अब तक औसतन 1017.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो कि पिछले 10 वर्षों की औसत बारिश (1067.6 मिमी) का 95.3 प्रतिशत है। प्रदेश भर में औसतन स्थिति सामान्य के करीब नजर आ रही है, लेकिन जिलों के अनुसार आंकड़ों का विश्लेषण करें तो राज्य के अलग-अलग हिस्सों में वर्षा की भारी असमानता साफ दिखाई देती है।












