बलौदाबाजार 26 अक्टूबर 2026 - बलौदाबाजार जिले में सोमवार तड़के बिलासपुर से रायपुर जाने वाले नेशनल हाईवे पर ग्राम दरचुरा के पास एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के समय बस में कुल 22 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को दुर्घटनाग्रस्त बस से बाहर निकालकर उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा जा रहा है।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोमवार 26 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे हुई। बिलासपुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस क्रमांक CG 04 NM 0859 राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम दरचुरा से पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।

घायलों की सटीक संख्या और उनकी स्थिति राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। मृतकों की पहचान से संबंधित जानकारी अभी उपलब्ध नहीं कराई गई है।