बलौदाबाजार 26 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच होने की सूचना है। हादसे में घायल दो और यात्रियों की रायपुर रेफर किए जाने के दौरान मौत होने की बात सामने आई है। मृतकों की पहचान अतुल कुमार और सुंदर लाल के नाम सामने आए हैं। हालांकि, मृतकों की संख्या और पहचान की आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।

बता दे कि सोमवार तड़के अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस दरचुरा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के वक्त बस में करीब 22 यात्री सवार थे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में पहले तीन लोगों की मौत हुई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा था। इसी दौरान उनकी मौत होने की सूचना मिली है। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या पांच होने की खबर सामने आई है।

इस हादसे में करीब 8 से 10 यात्रियों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी है। घायलों को उपचार के लिए सिमगा और रायपुर के अस्पतालों में भेजा जा रहा है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है।

फिलहाल, हादसे के कारणों और मृतकों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। घायलों का उपचार जारी है और हादसे से संबंधित अन्य विवरण सामने आने की प्रतीक्षा है।