बलौदाबाजार 12 अक्टूबर 2026 - बलौदाबाजार जिले से महिला की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. भाटापारा ग्रामीण थाना अंतर्गत टोनाटार गांव में 50 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या कर दी गई. मृतका का शव उसके ही घर के बिस्तर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है, जिसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं. इस घटना के बाद से मृतका का पति गायब है. मृतका की पहचान 50 वर्षीय रोहनी बंजारे के रूप में हुई है, जो अपने पति लखन बंजारे के साथ टोनाटार गांव में रहती थी।

पड़ोसियों ने रोहनी के घर से काफी देर तक कोई हलचल न मिलने पर आवाज लगाई. अंदर से कोई जवाब न आने पर जब पड़ोसियों ने घर के भीतर जाकर देखा, तो रोहनी का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था और आसपास खून फैला हुआ था. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारिकी से मुआयना किया.

प्रारंभिक जांच में मृतिका के पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिसे देखकर महिला की हत्या किसी धारदार हथियार से की जाने की आशंका जताई गई है. कमरे की दीवारों और जमीन पर भी खून के छींटे साफ दिखाई दे रहे थे. पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद से मृतका का पति लखन बंजारे गायब चल रहा है. पुलिस ने पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कर दी हैं. फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है।