दुर्ग 11 अक्टूबर 2026 - भिलाई- 3 के पदुम नगर इलाके में दिनदहाड़े चैन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। यहां एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उनके गले से मंगलसूत्र झपट कर मौके से फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बदमाश एक्टिवा से पहुंचे थे। उन्होंने बुजुर्ग महिला से पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। इसी दौरान मौका पाकर महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया और वहां से भाग निकले। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुरानी भिलाई पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। फिलहाल आरोपियों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।












