बेमेतरा 22 सितंबर 2026 - छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में दाढ़ी क्षेत्र के ग्राम हेमाबंद में अटल ज्योति योजना के तहत लगाए गए ट्रांसफार्मर में डीओ चढ़ाने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में तीन किसान गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली खराब होने की सूचना देने के बाद भी समय पर सुधार कार्य नहीं किया गया, जिसके कारण ग्रामीणों को खुद ट्रांसफार्मर ठीक करने का प्रयास करना पड़ा।

 जानकारी के अनुसार, ग्राम हेमाबंद में अटल ज्योति योजना के तहत लगाए गए ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी दाढ़ी बिजली सब स्टेशन को दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के बाद सब स्टेशन से जवाब मिला कि फिलहाल मिस्त्री उपलब्ध नहीं है। मिस्त्री आने के बाद ही आपूर्ति व्यवस्था को ठीक किया जाएगा। काफी समय तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं होने पर ग्रामीण परेशान हो गए।

बिजली समस्या से परेशान होकर ग्राम मोहतरा के तीन किसान ईश्वर पटेल, छन्नू चंद्राकर और राधेश्याम चंद्राकर ट्रांसफार्मर के पास पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, लाइन बंद करवाने के बाद वे डीओ चढ़ाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें निकलने लगीं। इस हादसे में तीनों किसान आग की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बिजली विभाग की ओर से इस मामले में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए बिजली व्यवस्था को बेहतर किया जाना जरूरी है।