जगदलपुर 14 अगस्त 2022 -  दक्षिण-मध्य बस्तर में एक बार फिर वर्षा के कारण स्थिति बिगड़ने लगी है। दो दिन मौसम खुला रहने के बाद शनिवार रात से फिर वर्षा शुरू हो गई है। इसके कारण दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा और बस्तर जिले में जनजीवन पर असर पड़ा है। वर्षा के कारण रविवार को किरंदुल - कोत्तावालसा रेललाइन के किरंदुल रेल सेक्शन में दो जगहों बचेली - भांसी और दंतेवाड़ा कमलूर के बीच पेड़ों के उखड़कर रेलमार्ग पर गिरने के कारण रेल आवागमन ठप पड़ गया है।

कोरापुट-रायगढ़ा केआर रेलमार्ग में सिकरपाई और केंऊटगुड़ा के स्टेशनों के बीच पहाड़ से बोल्डर के टूट कर रेलपटरी पर गिरने से रेल आवागमन पर पड़ा। देर शाम समाचार लिखे जाने तक दोनों लाइनों में किरंदुल व रायगढ़ा सेक्शन में रेल आवागमन बंद था। पेड़ के उखड़कर रेलमार्ग पर गिरने की पहली घटना दोपहर बाद तीन बजे बचेली-भांसी के बीच हुई। इसके आधा घंटा बाद ऐसी ही घटना दंतेवाड़ा-कमलूर स्टेशन के बीच हुई।

दोनों घटनाओं में ओएचइ ओव्हर हेड इलेक्ट्रिक लाइन (विद्युत तार) को ज्यादा नुकसान पहुंचा है। किरंदुल रेल सेक्शन के अधिकारियों ने बताया कि पेड़ हटाने व ओएचइ को ठीक करने श्रमिकों के साथ रेलवे की टीम मौके पर शाम चार बजे रवाना कर दी गई थी। रेलमार्ग बाधित होने से मालगाड़ियों का आवागमन बंद है। देर रात तक मार्ग बहाल होने की संभावना जताई गई है। रेलमार्ग बाधित होने का असर यात्री ट्रेनों के आवागमन पर नहीं पड़ा क्योंकि नक्सलियों के भय 15 अगस्त तक किरंदुल पैसेंजर और किरंदुल नाइट एक्सप्रेस दोनों गाड़िया किरंदुल की बजाय दंतेवाड़ा से चलाई जा रही हैं।