कानपुर 22 सितंबर 2026 - कानपुर के महाराजपुर इलाके की तीन बच्चों की मां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद दिल्ली निवासी अपनी 25 वर्षीय सहेली के संग रहने चली गई. 6 सितंबर को घर छोड़कर भागी महिला को पुलिस ने बरामद कर परिजनों और बच्चों से मिलवाया. महिला ने बच्चों के प्रति कोई ममता न होने की बात कहकर सहेली के साथ रहने की इच्छा जताई, जिसके बाद पुलिस ने उसे जाने की इजाजत दे दी।

बता दें कि महाराजपुर थाने के एक प्रतिष्ठित परिवार की महिला की एक साल पहले इंस्टाग्राम पर दिल्ली की रहने वाली 25 वर्षीय लड़की से दोस्ती हुई थी. यह लड़की दिल्ली में प्राइवेट जॉब करती है. धीरे-धीरे दोनों में प्यार हो गया और महिला हर समय बच्चों से ज्यादा अपनी सहेली से बातचीत में मग्न रहने लगी. 6 सितंबर को महिला अपने पति और तीन बच्चों को ससुराल में छोड़कर दिल्ली अपनी सहेली के पास चली गई।

पत्नी के अचानक गायब होने पर पति ने महाराजपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और कॉल डिटेल खंगाली तो दिल्ली का नंबर सामने आया. पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर महिला और उसकी सहेली को बरामद कर लिया और दोनों को महाराजपुर थाने ले आई।

कानपुर के वरिष्ठ वकील तत्वेश अग्रवाल के अनुसार, कानून बालिग महिला को अपनी मर्जी से रहने का अधिकार देता है, लेकिन हिंदू एडॉप्शन एंड मेंटेनेंस एक्ट की धारा 20 के तहत बच्चों को मां से परवरिश पाने का पूरा कानूनी हक है. यदि बच्चे अदालत में अपील करते हैं, तो मां को उनकी परवरिश और खर्चे का भुगतान करना ही होगा।