मैनपुरी 17 सितंबर 2026 - पांच बच्चों की मां का अपने ही दामाद पर दिल आ गया. दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई तो परिवार में ऐसा बवाल मचा कि मामला पुलिस तक पहुंच गया. मैनपुरी के खरगजीत नगर में सामने आए इस अजीबोगरीब मामले में महिला और उसके दामाद के साथ रहने की बात को लेकर महिला के बच्चों ने जमकर विरोध किया और मौके पर हंगामा कर दिया।
बताया जा रहा है कि महिला घिरोर थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि उसका दामाद कुरावली थाना क्षेत्र के गांव सोनई अशोकपुर का निवासी है. दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध की जानकारी जब परिवार को हुई तो मामला बिगड़ गया. परिवार के मुताबिक, महिला और उसके दामाद के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं. धीरे-धीरे बात इतनी आगे बढ़ी कि दोनों के साथ रहने की चर्चा होने लगी. जब महिला के बच्चों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया।
मामला बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई. खरगजीत नगर में हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला और उसके दामाद के बीच वास्तव में किस तरह का संबंध है और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की पूरी सच्चाई क्या है. फिलहाल इस मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।













