मथुरा 26 सितंबर 2026 - उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े गुरु कृपा कुंज में एक शिष्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान रसिक दुलारी शरण महाराज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह इमारत की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए थे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रसिक दुलारी शरण हित राधा केली कुंज आश्रम से जुड़े गुरु कृपा कुंज में रह रहे थे। गुरुवार शाम वह इमारत की चौथी मंजिल की छत पर गए थे। कुछ समय बाद वह अचानक नीचे गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल शिष्य को तत्काल सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
बताया गया है कि रसिक दुलारी शरण का असली नाम दीपक था और वह मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। उन्होंने सितंबर 2015 में दीक्षा ली थी, जिसके बाद उनका नाम रसिक दुलारी शरण रखा गया। वह जून 2026 से गुरु कृपा कुंज में रह रहे थे। इस परिसर में संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े करीब 50 अन्य शिष्य भी रहते हैं।













