जबलपुर 06 अगस्त 2026 - मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर के एक स्कूल में पढ़ने वाली 17 साल की नाबालिग छात्रा को आरोपी स्कूल के बाहर से ही उठाकर ले गया। इसके बाद उसने विजयनगर इलाके में मौजूद 'केएआर कैफे एंड रेस्टोरेंट' में ले जाकर छात्रा के साथ गलत काम किया।
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने वारदात को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया। वह छात्रा को स्कूल के पास से जबरदस्ती अपने साथ ले गया। किसी को शक न हो और छात्रा की पहचान छिपी रहे, इसके लिए उसने पहले छात्रा के स्कूल के कपड़े (यूनिफॉर्म) बदलवाए। इसके बाद वह उसे विजयनगर के एक कैफे सह होटल ले गया और वहां उसके साथ गलत हरकत की।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्रा को वापस स्कूल के पास छोड़कर भाग निकला। छात्रा किसी तरह जब स्कूल पहुंची, तो उसकी हालत बहुत खराब हो चुकी थी। छात्रा को बदहवास और रोते देख स्कूल स्टाफ ने तुरंत उसके घरवालों को फोन किया। जिसके बाद मौके पर पहुंचे घरवाले बच्ची को तुरंत अस्पताल लेकर भागे। फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और घेराबंदी कर 22 साल के आरोपी नीलेश चौबे को पकड़ लिया है।
एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ के मुताबिक, बच्ची के परिवार की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ किडनैपिंग, रेप और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की सख्त धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब उस कैफे और रेस्टोरेंट की जांच कर रही है जहां यह सब हुआ। इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बिना पहचान और नियमों को ताक पर रखकर होटल में नाबालिग को एंट्री कैसे दी गई।









