एक बड़े ज्वैलरी शोरूम में चोरो ने धावा बोल कर करोड़ो रुपयो के गहनों पर किया हाथ साफ ,,
देश , 21-01-2021 4:05:22 PM
नई दिल्ली 21 जनवरी 2021 - दिल्ली के कालकाजी मार्केट से बड़ी खबर आ रही है। कालकाजी थानाक्षेत्र में एक ज्वेलरी के शोरूम से चोरों ने करोड़ों रुपये के गहने उड़ा लिए। वारदात मंगलवार देर रात की है।
हालांकि शोरूम के मैनेजर ने यह नहीं बताया है कुल कितनी कीमत के गहने चोरी हुए हैं। लेकिन आसपास के दुकानदारों ने बताया कि यह काफी बड़ा शोरूम है इसलिए बड़ी मात्रा में गहने चोरी होने की आशंका है। कालकाजी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शोरूम के अंदर व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर लिया है। पुलिस इन फुटेज की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कालकाजी में देशबंधु कालेज के पास स्थित अंजलि ज्वेलर्स के शोरूम में घुसकर चोरों ने करोड़ों रुपये के गहने उड़ा लिए। बताया जा रहा है कि मंगलवार को शोरूम बंद करने के बाद इसके बार छह हथियारबंद गार्ड तैनात थे। शोरूम के पीछे (बैकलेन) पर भी दो गार्ड तैनात थे। इसके बावजूद चोर अंदर घुसकर सारा माल उड़ा ले गए। शोरूम के मैनेजर को बुधवार सुबह चोरी का पता तब चला जब स्टाफ दुकान पर पहुंचा।
चोरी की सूचना पाकर मौके पर पहुंची कालकाजी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जिस भवन के ग्राउंड फ्लोर पर शोरूम है वह भवन चार मंजिला है। शोरूम से तीन दुकान छोड़कर चौथी बिल्डिंग की सीढ़ियां बाहर की ओर से हैं जिसका दरवाजा खुला रहता है।
आशंका है कि चोर उन्हीं सीढ़ियों से ऊपर-ऊपर ही शोरूम की छत पर और फिर सीढ़ियों के रास्ते शोरूम में घुसे होंगे। और चोरी के बाद वापस उसी रास्ते चल गए होंगे। दक्षिण-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि चोर छत के रास्ते शोरूम में घुसे हैं। सीसीटीवी कैमरे में एक चोर जाते हुए दिखा है। हालांकि कुल कितने लोग इस चोरी में शामिल हैं, यह अभी साफ नहीं हो पाया है।














