छत्तीसगढ़ - अनियंत्रित ट्रेलर ने स्कूटी सवारो को मारी टक्कर, हादसे में पिता और पुत्र की मौत
GPM 15 जुलाई 2026 - पेंड्रा नगर में मुख्य मार्ग पर स्थित राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार पिता और उनके मासूम पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार पेंड्रा के कुडकई गांव का रहने वाला था। वे सभी स्कूटी पर सवार होकर गांव से पेंड्रा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान राय पेट्रोल पंप के पास सामने से एक बड़ी गाड़ी आ रही थी, तभी कोयले से लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश की। रफ्तार अधिक होने के कारण ट्रेलर स्कूटी को अपनी चपेट में लेते हुए रौंद दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सजग नागरिकों ने तत्काल डायल -112 को सूचना दी। मौके पर पहुँची डायल- 112 की टीम ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद पिता और पुत्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज अस्पताल में जारी है, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
















