छत्तीसगढ़ - तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवारो को मारी टक्कर, हादसे में दो युवतियों की मौत
कोरबा 15 जुलाई 2026 - छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको नगर थाना क्षेत्र में डेंगूनाला पुल के पास तेज रफ्तार कोयला से भरे ट्रेलर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर के पहिए के नीचे आने से दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक स्कूटी क्रमांक CG 10 CB 2635 पर तीन लोग सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर क्रमांक CG 12 BG 2932 ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रेलर के पहिए के नीचे आने से दोनों युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल मृतक युवतियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस स्कूटी के दस्तावेजों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
















