सक्ती से बड़ी खबर - तीन दिन से लापता छात्र की लाश मिलने से मची सनसनी, पुलिस जांच में जुटी..
सक्ती 12 जुलाई 2026 - इस वक्त सक्ती कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा से एक बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है यँहा तीन दिन से लापता छात्र किशोर कुमार केवट की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। छात्र का शव परसदा खुर्द गांव में उसके ही मोहल्ले के पास एक खेत से बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या के बाद शव को खेत में दफनाने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी। घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी की गिरफ्तारी या हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
सक्ती पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।















