जांजगीर चाम्पा - सरकारी स्कूल में रंगरेलियां मनाना शिक्षक और शिक्षिका को पड़ा भारी, दोनो हुए सस्पेंड
जांजगीर चाम्पा 04 जुलाई 2026 - नवागढ़ ब्लाक के एक शासकीय स्कूल में शिक्षक और शिक्षिका के कथित आपत्तिजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कलेक्टर के निर्देश पर विभागीय जांच कराई थी। आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बोड़सरा गांव स्थित शासकीय विद्यालय का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में स्कूल के भीतर एक शिक्षक और शिक्षिका कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दिए। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कराई गई जांच के दौरान विद्यालय के कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की गई। जांच में वीडियो में दिखाई दे रहे शिक्षक और शिक्षिका की पहचान की गई। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद दोनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के उल्लंघन का मामला मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई।
शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में पुरुष शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नवागढ़ तथा महिला शिक्षिका का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अकलतरा निर्धारित किया गया है। नियमानुसार दोनों को निलंबन अवधि में जीवन निर्वाह भत्ते का भुगतान किया जाएगा।
















