छत्तीसगढ़ - तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने बाईक सवार युवकों को मारी टक्कर, हादसे में दो युवकों की मौत
बलौदाबाजार 02 जुलाई 2026 - बलौदाबाजार जिले में बुधवार देर रात तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि, दोनों को वाहन काफी दूर तक तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद कैप्सूल वाहन भी अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम संडी स्थित शराब दुकान में कार्यरत कर्मचारी सत्यप्रकाश सोनवानी (34 वर्ष) और गोपी किशन आडिल (25 वर्ष) दुकान बंद करने के बाद बिक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक और उनकी बाइक करीब 200 मीटर तक वाहन के साथ घिसटते रहे। इसके बाद कैप्सूल वाहन भी लगभग 200 मीटर आगे जाकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अपराध दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
















