बागेश्वर धाम परिसर में दो अज्ञात लोगों की लाश मिलने से मची सनसनी, पुलिस जांच में जुटी..
छतरपुर 04 जुलाई 2026 - मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां के सबसे मशहूर धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम परिसर में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोगों ने वहां दो अलग अलग जगहों पर लाशें पड़ी देखी। लोगो ने फौरन इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। खबर मिलते ही बमीठा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती इनपुट के मुताबिक, ये दोनों शव बमीठा थाना इलाके के गढ़ा गांव में बने बागेश्वर धाम परिसर और उसके ठीक बाहर मिले हैं। चौंकाने वाली बात ये है कि दोनों मौतें अलग-अलग जगहों पर हुई हैं। इनमें से एक शख्स की लाश धाम के मुख्य कथा पंडाल के अंदर मिली है, जबकि दूसरा शव परिसर के ठीक बाहर, सड़क के किनारे लावारिस हालत में पड़ा हुआ पाया गया। एक ही दिन और एक ही इलाके में दो-दो लाशें मिलने से पुलिस भी हैरान है और मामले के हर एंगल को खंगालने में जुट गई है।
चूंकि मामला एक धार्मिक स्थल से जुड़ा हुआ है, इसलिए पुलिस भी बेहद फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। बमीठा पुलिस का कहना है कि पहली नजर में देखने पर ऐसा लग रहा है कि दोनों की मौत किसी गंभीर बीमारी या अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से हुई होगी। हालांकि, पुलिस ने यह भी साफ कर दिया है कि यह सिर्फ एक शुरुआती कयास है, असली सच क्या है यह तो पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मर्चुरी रूम भेज दिया है। इसके साथ ही, पुलिस की एक टीम मृतकों की पहचान करने में जुटी है कि आखिर ये लोग कहां से आए थे, इनका नाम क्या है और ये धाम में कब से रह रहे थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच बहुत गहराई से की जा रही है और जैसे ही डॉक्टरों की तरफ से पोस्टमार्टम की फाइनल रिपोर्ट आएगी, उसी हिसाब से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















