प्रेमी के साथ भागी थी पत्नी, पति ने बीच रास्ते मे किया पत्नी का अपहरण, पुलिस उलझी धाराओं में..
ग्वालियर 13 जून 2026 - मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से प्यार, शादी, कानूनी दांवपेच और सरेराह किडनैपिंग के आरोपों से जुड़ी एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यह पूरा मामला किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसा नजर आता है, जिसमे तीन बच्चों की मां को अपने ही घर में रहने वाले एक किरायेदार से मोहब्बत हो गई।
कहानी शुरू होती है भिंड जिले की रहने वाली एक 28 वर्षीय महिला से जिसने करीब छह महीने पहले अपने हंसते खेलते परिवार, तीन मासूम बच्चों और पति को अचानक छोड़कर अपने किरायेदार रामेंद्र सिंह भदौरिया के साथ फरार हो गई थी। घर से भागने के बाद इस प्रेमी जोड़े ने गुपचुप तरीके से कोर्ट मैरिज कर ली और अपनी पहचान छिपाकर उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक किराए का कमरा लेकर नए सिरे से जिंदगी बसर करने लगे थे।
इधर पत्नी के अचानक गायब होने से परेशान पहले पति ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उसने थाने में पत्नी की गुमशुदगी और उसे बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी कानूनी मामले के सिलसिले में जब पुलिस ने दबाव बनाया, तो महिला और उसका प्रेमी पति (रामेंद्र) अपने आधिकारिक बयान दर्ज कराने के लिए ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत अदालत पहुंचे थे।
दोनों को लग रहा था कि बयान देने के बाद उनकी मुसीबत खत्म हो जाएंगी, लेकिन असली ड्रामा तो कोर्ट की सुनवाई खत्म होने के बाद शुरू हुआ। जैसे ही यह नवविवाहित जोड़ा अदालती औपचारिकताएं पूरी करके वापस कानपुर लौटने के लिए निकला, रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे महिला के पहले पति, भाई और अन्य मायके वालों ने उनकी कार को बीच सड़क पर जबरन रोक लिया।
पीड़ित प्रेमी रामेंद्र सिंह भदौरिया का आरोप है कि कार रुकते ही महिला के पहले पति और उसके भाइयों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया और सरेराह उसकी बेरहमी से पिटाई की। हमलावर उसकी नई नवेली पत्नी को जबरन खींचकर अपनी गाड़ी में बैठाने लगे। महिला ने खुद को छुड़ाने की काफी कोशिश की, लेकिन आरोपियों के आगे उसकी एक न चली और वे उसे सरेआम अगवा करके फरार हो गए।
इस हमले से बदहवास और घायल रामेंद्र जैसे-तैसे सीधा झांसी रोड थाने पहुंचा और पुलिस के आला अधिकारियों को आपबीती सुनाते हुए अपनी पत्नी के अपहरण की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल यह पूरा मामला प्रेम, सामाजिक ताने-बाने, परिवार की प्रतिष्ठा और कानूनी पचड़ों के बीच बुरी तरह उलझ चुका है। एक तरफ जहां प्रेमी कानूनन शादी का हवाला देकर अपनी पत्नी के किडनैप होने की गुहार लगा रहा है, वहीं दूसरी तरफ पहले पति पर ही किडनैपिंग का आरोपी लगा है।
इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे को लेकर झांसी रोड थाना पुलिस का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील और पेचीदा है। पुलिस ने प्रेमी की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है और महिला की सरगर्मी से खोजबीन की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि महिला के मिलने और उसका स्वतंत्र बयान होने के बाद ही इस कथित अपहरण की असली कहानी का पूरी तरह से भंडाफोड़ हो सकेगा।
















