छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री को लेकर IMD ने जारी किया ताजा अपडेट, जताई यह संभावना..
रायपुर 13 जून 2026 - बिहार में दस्तक के बाद अब मानसून के छत्तीसगढ़ पहुंचने का इंतजार है. दो से तीन दिनों के अंतराल में इसके प्रवेश की संभावना है. परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई है. केरलम में एंट्री के बाद से मानसून 8 दिन में 17 राज्यों तक पहुंच चुका है. मानसून की एंट्री से पहले ही प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज का असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, दो-तीन दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगा. इधर दो दिनों में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में तीन से 4 डिग्री तापमान में कमी आई है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है. बस्तर में लगातार हल्की बारिश ने प्री-मानसून का संकेत दे दिया है. अगले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में अच्छी बारिश के साथ बिजली भी गिरने की संभावना है और हवा की गति भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रहेगी।
प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश और बिजली चमकने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने सुबह-सुबह सुकमा, बीजापुर और दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में बारिश और बादल गरजने-चमकने की गतिविधि होने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी रायपुर में शनिवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी. वहीं अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
















