छत्तीसगढ़ - तेज रफ्तार ट्रक ने बाईक सवार प्रधान आरक्षक को मारी टक्कर, मौके पर ही हुई मौत
महासमुंद 01 जून 2026 - छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाइवे 53 पर सड़क हादसा हुआ है, जहां बाइक सवार हवलदार ट्रक की चपेट में आ गया। इस घटना में हवलदार की मौत हो गई और ट्रक चालक वाहन के साथ फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। यह घटना सांकरा थाना क्षेत्र में हुई है। मृतक की पहचान दयासागर भोई के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ पुलिस में हवलदार पद पर पदस्थ थे और वर्तमान में थाना बागबाहरा में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
रविवार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच वो किसी काम से बल्दिडिह से सांकरा की ओर जा रहे थे, इसी दौरान बल्दीडीह स्थित जोंक नदी के पास उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रही ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सांकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के पिथौरा भेजा है, जहां पंचनामा तैयार कर पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रक चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
















