छत्तीसगढ़- अंजान युवक से इंस्टाग्राम के जरिये दोस्ती करना युवती को पड़ा भारी, लुटा बैठी अपनी इज्जत
बिलासपुर 24 मई 2026 - सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवती को प्रेमजाल में फंसाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में बिलासपुर की तोरवा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान निलेश कुमार जायसवाल के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने तखतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी निलेश कुमार जायसवाल ने इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती से संपर्क किया था। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती रही, लेकिन धीरे-धीरे बातचीत बढ़कर नजदीकी संबंधों में बदल गई। आरोपी ने युवती को प्रेम संबंध का भरोसा दिलाया और भविष्य में शादी करने का वादा किया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी लगातार उससे संपर्क में रहता था और शादी का झांसा देकर उसका विश्वास जीतता रहा। इसी दौरान आरोपी ने युवती को बर्थडे मनाने के बहाने मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि वह युवती को एक होटल लेकर गया, जहां शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायत में युवती ने बताया कि आरोपी लंबे समय तक उसे शादी का भरोसा देता रहा और इसी विश्वास में उसने संबंध बनाए। लेकिन कुछ समय बाद आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती को अपने साथ धोखा होने का एहसास हुआ और उसने तोरवा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
















