छत्तीसगढ़ - आसमान उगल रहा है आग, मौसम विभाग ने सक्ती सहित इन 20 जिलों के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट
रायपुर 22 मई 2026 - छत्तीसगढ़ में नवतपा से पहले से सूरज आग उगल रहा है. रायपुर में गुरुवार को पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. वहीं माना में सबसे ज्यादा 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. रात तक गर्म हवाएं चलती रही. दोपहर में सूरज की तपन और गर्म हवाओं के चलते कूलर भी ठंडा हवा नहीं दे पा रही थी. एक मिनट भी घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायपुर में ग्रीष्म लहर को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है. आज राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़- बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलोदा बाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़ छुईखदान गंडई, राजनांदगांव जिलों में एक दो पॉकेट में ग्रीष्म लहर चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट है. वहीं मौसम विभाग ने कोरबा, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में एक दो पॉकेट में हीटवेव (लू)चलने की संभावना जताई है. यहां यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने ग्रीष्म लहर मद्देनजर एडवायजरी जारी की है।
मौसम विभाग का कहना है कि अनावश्यक रूप से धूप में ना निकलें, विशेषकर दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच. पानी और उपयुक्त तरल पदार्थ का सेवन करते रहें. धूप में निकल रहे हैं तो हल्के रंग के कॉटन कपड़े पहनें व पूरे शरीर को ढंककर रखें।
















