छत्तीसगढ़ का बहु चर्चित मानव तस्करी मामला , बीजेपी नेत्री गंगा पाण्डे गिरफ्तार , गंगा पाण्डे ने किए कई अहम खुलासे , पार्टी ने किया निष्कासित,,
रायपुर , 27-11-2020 8:23:29 PM
रायपुर 27 नवम्बर 2020 - डोंगरगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी मामले मे गंगा पाण्डे नामक महिला को गिरफ्तार किया है , गंगा पाण्डे बीजेपी नेत्री है और वो भाजपा की फाफाडीह मंडल में मंत्री पद पर पदस्थ है।
गंगा पाण्डे को डोंगरगढ़ पुलिस ने राजधानी रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस इस महिला आरोपी महिला की तलाश काफी लंबे वक्त से कर रही थी , गिरफ्तार महिला पर राजधानी सहित प्रदेश की कई महिलाओं और लड़कियों की तस्करी करने का आरोप है।
बीजेपी नेत्री गंगा पांडेय की मानव तस्करी मामले संलिप्तता में पकड़े जाने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु देव् साय ने गंगा पाण्डे को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
यह है पूरा मामला
पिछले दिनो डोंगरगढ़ की 21 साल की विवाहिता के गायब होने के बाद महिला को सकुशल राजस्थान से पुलिस ने बरामद किया था। पीड़ित महिला से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए थे, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और डोंगरगढ़ की साजदा नामक महिला को गिरफ्तार किया गया था।
साजदा से जब पूछताछ की गई तो कई चौकाने वाले खुलासे हुए , सजदा ने पूछताछ में पुलिस को बताया की पिछले कई सालों से मानव तस्करी का एक बडा गैंग छत्तीसगढ़ , राजस्थान और हरियाणा से चल रहा था। ये गैंग गरीब और मजबूर युवतियों को काम के बहाने या फिर अच्छी जगह शादी कराने का लालच देकर हवाई जहाज से उन्हें दूसरे राज्य ले जाते थे, उसके बाद मोटी रकम लेकर देह व्यापार करने वाले गैंग के लोगों को बेच दिया करते थे।
राजनांदगांव पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जाँच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस गिरोह का नेटवर्क छत्तीसगढ़ के रायपुर में भी है और ये गैंग लोकल मददगारों के सहयोग से महिलाओं और लड़कियों को अपने झांसे में लेकर उन्हें बेच दिया करते है , गिरफ्तार साजदा से हुई पूछताछ के बाद डोंगरगढ़ पुलिस ने राजधानी रायपुर के पंडरी से गंगा पांडे और उसकी बहन को हिरासत में लिया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपिया गंगा पाण्डे ने खुलासा किया था कि, वो मानव तस्करी गैंग के लिए हवाई टिकट करवाने का काम करती थी। साथ ही महिलाओं और लड़कियों को झांसे में लेकर उन्हें छत्तीसगढ़ से दूसरे राज्य सप्लाई करती थी।
गंगा पाण्डे बीजेपी की फाफाडीह मंडल में मंत्री पद पर पदस्थ है। साथ महिला राजधानी के कई बड़े नेताओं के संपर्क में भी थी। महिला के गिरफ्तार हो जाने की खबर के बाद अब बीजेपी नेताओं में खलबली मच गई है।
गंगा पाण्डे रायपुर के महात्मा गांधी वार्ड इलाके के दुर्गा नगर पंड़री इलाके में अपने पति और 03 बेटो के साथ रहती है। पति वेल्ड़िंग फेब्रीकेशन का काम करता है।
इस मामले मे पुलिस को उम्मीद है की जांच में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।














