पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर FIR दर्ज , बनाये गए 6वे नंबर के आरोपी , जाने क्या है मामला
रायपुर 02 अप्रैल 2025 - महादेव बेटिंग एप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर FIR दर्ज की है। इसमें पूर्व सीएम भूपेश बघेल को आरोपी बनाया गया है। वे छह नंबर के आरोपी बनाए गए हैं। FIR में बेटिंग एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल समेत 21 आरोपियों के नाम शामिल हैं। अब CBI इस मामले में पूर्व सीएम भूपेश बघेल से पूछताछ कर सकती है।CBI ने हाल ही में देशभर में भूपेश बघेल समेत तमाम आरोपियों के 60 जगहों पर छापेमारी की थी।
सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल विदेश में बैठकर बेटिंग एप चलाते हैं। इन पर आरोप है कि रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर बेटिंग एप से कुल आय का कुछ हिस्सा छत्तीसगढ़ के पुलिस अधिकारीयों और नेताओं को बतौर प्रोटेक्शन मनी देते थे। महादेव बुक एक ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म है, जिसे रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर द्वारा प्रमोट किया गया था। ये दोनों आरोपी वर्तमान में दुबई में रह रहे हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि महादेव बुक के प्रमोटरों ने अपने गैरकानूनी सट्टेबाजी नेटवर्क को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए सार्वजनिक सेवकों को बड़ी मात्रा में 'प्रोटेक्शन मनी' दी थी।
इस मामले की शुरुआत छत्तीसगढ़ की आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) द्वारा की गई थी। बाद में राज्य सरकार ने इस केस को CBI को सौंप दिया ताकि मामले की गहन जांच हो सके और इसमें शामिल वरिष्ठ अधिकारियों व अन्य आरोपियों की भूमिका उजागर हो सके। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम पहले से ही EOW की प्राथमिकी में दर्ज था, जिसे अब CBI ने अपने केस में दोबारा शामिल किया है। वहीं, अब पूर्व सीएम बघेल के खिलाफ FIR भी दर्ज हो गई है।















