नागपुर 18 अक्टूबर 2026 -  महाराष्ट्र के नागपुर में एक 18 वर्षीय छात्र द्वारा अपनी 16 वर्षीय नाबालिग दोस्त का यूट्यूब वीडियो देखकर गर्भपात कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने इंटरनेट पर वीडियो देखने के बाद जड़ी बूटियों से एक मिश्रण तैयार किया और नाबालिग को पिला दिया। हालांकि, गर्भपात नहीं हुआ और लड़की की तबीयत बिगड़ गई। बाद में उसने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।

पचपावली पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़िता उत्तर नागपुर के एक ही स्कूल में पढ़ते थे। इसी दौरान दोनों एक दूसरे के संपर्क में आए थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि नाबालिग के गर्भवती होने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर गर्भपात कराने के लिए इंटरनेट पर तरीके तलाशने शुरू किए। आरोप है कि युवक ने यूट्यूब पर उपलब्ध वीडियो के आधार पर जड़ी बूटियों का मिश्रण तैयार किया और लड़की को पिला दिया।

इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालांकि, गर्भपात कराने का प्रयास सफल नहीं हुआ। कुछ समय बाद नाबालिग ने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर 18 वर्षीय आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया।