छोटे क्लास के बच्चो की हो गई बल्ले बल्ले , जनरल प्रमोशन का आदेश हुआ जारी ,,
छत्तीसगढ़ , 29-01-2021 11:33:55 PM
रायपुर 29 जनवरी 2021 - लोक शिक्षण संचालनालय से आदेश जारी किया गया है। कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों को इस बार भी जनरल प्रमोशन मिलेगा। इसके लिए लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ने आदेश जारी किया है। संचालक ने समस्त संभागीय संयुक्त संचालक (शिक्षा) छत्तीसगढ़ और समस्त जिला शिक्षा अधिकारी, छत्तीसगढ़ को निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश कक्षा पहली से आठवीं तक के परीक्षा संचालन के संबंध में है। जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुपालन में छत्तीसगढ़ राज्य में पहले से ही यह नीति है कि कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चो को परीक्षा के आधार पर पिछली कक्षा में नही रोका जाता है।
कक्षा पहली से आठवी तक के समस्त बच्चों को सामान्य रूप से अगले शिक्षा सत्र में अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाता है। प्रदेश के सभी विद्यालयों में बच्चों की अकादमिक उपलब्धियों का सतत् मूल्यांकन किया जाता है और उसके आधार पर सभी बच्चों को आवश्यक शिक्षण देने की व्यवस्था की जाती है इस वर्ष भी राज्य में कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चे के लिये यही नीति लागू रहेगी।
प्रदेश में “पढ़ई तुहर दुआर” के द्वारा विभिन्न विधियों से ऑनलाइन तथा ऑफलाइन कक्षाएं संचालित की गई है, साथ ही आपके द्वारा बच्चो का एसेसमेण्ट कर पोर्टल में अपलोड किया गया है। विविध तरीको से किये गए आकलन के आधर पर विद्यार्थियों को प्रगति पत्र प्रदान करें।














