छत्तीसगढ़ - खेत की जुताई के दौरान अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलटा, हादसे में दो लोगो की मौत
जशपुर 20 जुलाई 2026 - छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के कोदोपारा गांव में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसके नीचे दबने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में ट्रैक्टर चालक उदय राम और ट्रैक्टर मालिक बरतु राम शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही सन्ना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने से दुर्घटना होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद कोदोपारा गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
















