छत्तीसगढ़ में बुधवार के मौसम को लेकर IMD ने जारी किया ताजा अपडेट, जताई यह संभावना..
रायपुर 10 जून 2026 - छत्तीसगढ़ में जल्द मानसून की एंट्री होने वाली है. कुछ क्षेत्रों में मंगलवार को बादल गरजने की गतिविधि के साथ तेज हवा, बिजली गिरने और बारिश हुई. राजधानी रायपुर में मंगलवार देर रात हल्की बारिश हुई, लेकिन उसके बाद उमस बढ़ने से लोग हलाकान हुए. मौसम विभाग का कहना है कि 11 जून से बारिश बढ़ने की संभावना बन रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायु चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है. इसके अलावा पंजाब से बिहार तक हरियाणा और उत्तर प्रदेश होते हुए एक द्रोणिका बनी हुई है।
बुधवार सुबह कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश के साथ तेज हवाएं, बिजली चमकने और बादल गरजने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
















