छत्तीसगढ़ - महिला जज के सरकारी बंगले पर चोरों का धावा, सोने चांदी के जेवर सहित लाखो का सामान पार
कोरिया 06 जून 2026 - बैकुंठपुर स्थित जिला न्यायालय की एक महिला जज के सरकारी बंगले में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने सूने बंगले को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवर , आईपैड, मोबाइल सहित करीब 9 लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया।
जानकारी के अनुसार, कचहरीपारा स्थित यह सरकारी बंगला एसपी कार्यालय के ठीक सामने है। महिला जज ग्रीष्मकालीन अवकाश में रायपुर गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने बंगले में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब CCTV कैमरे की जांच में घर की आलमारी खुली हुई और सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद जज के घर पहुंचने पर सोने-चांदी के जेवरात, आईपैड, मोबाइल और अन्य कीमती सामान गायब मिले। मामले की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है और मामले से नशे से जुड़े बच्चों से पूछताछ की जा रही है एक-दो दिन में मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
















