शीतलाष्टमी मंदिर में मची भगदड़, एक दूसरे के नीचे दबकर 08 महिलाओं की मौत, कई महिलाओं की हालत गंभीर
नालंदा 31 मार्च 2026 - नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार सुबह हुई भगदड़ में 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों का इलाज नजदीकी मॉडल अस्पताल में जारी है। जानकारी के मुताबिक चैत्र महीने के अंतिम मंगलवार और शीतला अष्टमी के कारण मंदिर परिसर में सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
स्थानीय परंपरा के तहत इस दिन माता शीतला की पूजा के लिए विशेष मेला भी लगता है, जिससे भीड़ और बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भगदड़ की मुख्य वजह अव्यवस्थित भीड़ और दर्शन के लिए मची होड़ रही। श्रद्धालु बिना कतार के जल्द से जल्द गर्भगृह तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। मंदिर का गर्भगृह छोटा होने के कारण अंदर और बाहर दबाव बढ़ता गया, जिससे स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। महिलाओं ने बताया कि भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लोग एक-दूसरे पर चढ़ने लगे थे।
हादसे के बाद प्रशासन ने मंदिर और मेला दोनों को बंद करा दिया है। फिलहाल मृतकों में रीता देवी (50) और रेखा देवी (45) की पहचान हो पाई है।
















