राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने किया तहसीलदार को निलंबित , इस मामले में तहसीलदार पर गिरी निलंबन की गाज ,,
रायपुर , 10-12-2020 12:50:07 AM
रायपुर 09 दिसम्बर 2020 - छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बिल्हा तहसीलदार सत्यपाल राय को बुधवार को निलंबित किया है इसकी जानकारी उन्होंने पत्रकारवार्ता कर दी।
उन्होंने बताया कि 08 दिसंबर को शाम खबरों के माध्यम से उन्हें पता चला था कि 26 एकड़ सरकारी जमीन को बिल्हा तहसीलदार ने कुछ व्यापारी और अन्य लोगों के नाम कर दिया है। इस जमीन का नामांतरण करके मुआवजा भी ले लिया गया है। जिस जमीन की अफरा-तफरी की गई है , उस पर से नेशनल हाइवे गुजरता है।
राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बताया कि 26 एकड़ सरकारी जमीन की अफरा-तफरी के मामले में उन्होंने मंगलवार शाम ही एसडीएम , तहसीलदार से चर्चा की। पहली नजर में पाया गया कि बिल्हा तहसीलदार ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर जमीन का न केवल नामांतरण- हस्तांतरण किया है, बल्कि उसने करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार भी किया है।
इस मामले में राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बिलासपुर कलेक्टर को जांच के निर्देश दिए हैं। जांच पूरी होते ही जल्द ही इस मामले का सच सामने आ जाएगा। जयसिंह अग्रवाल ने कहा है कि बिलासपुर जिले में इस तरह का मामला एक नजीर के रूप में देखा जाएगा। इस नजीर को देखते हुए प्रदेश स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
हो सकता है अन्य स्थानों पर भी इस तरह की गड़बड़ी की गई हो। विभाग की ओर से सरकारी जमीन पर नजर रखी जा रही है और ऐसे मामले में जो भी जिम्मेदार होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जमीन के मामले में गंभीर है। किसी भी प्रकार की अनियमित्ता मिलने पर उसकी जांच और जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।














