भिलाई में यात्री ट्रेन में बम विस्फोट कर किया गया मॉकड्रिल , मॉकड्रिल में कई टीमो ने लिया हिस्सा ,,
रायपुर , 26-11-2020 2:24:18 AM
रायपुर 25 नवम्बर 2020 - सवारी गाड़ी के डिब्बे में बम-विस्फोट कर आग लगने की स्थिति को दर्शाते हुए बुधवार को संयुक्त अभ्यास प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की बटालियन मुंडाली (कटक) ओडिशा, रायपुर मंडल संरक्षा विभाग, रेल आपदा प्रबंधन टीम की आपदा राहत टीम और सिविल डिफेंस ने हिस्सा लिया।
भिलाई डिपार्चर यार्ड/बीएमवाई में संयुक्त अभ्यास किया गया। इस संयुक्त अभ्यास में सवारी गाड़ी के डिब्बे में बम-विस्फोट कर आग लगने की स्थिति को दर्शाते हुए बताया गया कि इस दौरान कैसे पीड़ितों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए। उनकी सहायता की जाए। साथ ही आग को बुझाने के विभिन्न तरीकों को भी जीवंत रूप में दिखाया गया।
इस अभ्यास प्रदर्शन के माध्यम से किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव कार्यों की गतिविधियों को भी दिखाया गया। अभ्यास के दौरान लगाए गए पूछताछ केन्द्र, सहायता केन्द्र व सभी राहत स्टालों और मौजूद साधन संसाधनों का अवलोकन मंडल रेल प्रबंधक श्याम सुंदर गुप्ता ने किया। डीआरएम श्याम सुंदर गुप्ता ने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान मॉक ड्रिल के आयोजन की सार्थकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने रेलवे की ओर से नागरिकों को आपदा के समय की जाने वाली बेहतर कार्यों की जानकारी दी।
साथ ही अपील भी कि आपात स्थिति में लोगों की सहायता कर रेल प्रशासन को सहयोग प्रदान करें। इस मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ की तरफ से 35 लोग, सिविल डिफेंस से 23 लोग, स्काउट एवं गाइड से 12 लोग, रेलवे आपदा प्रबंधक टीम से लगभग 25 लोग और रेलवे मेडिकल टीम सहित लगभग 200 लोग मौजूद थे। कोविड-19 से संबंधित केंद्र सरकार की सभी गाइडलाइन का पूरा ध्यान दिया गया। अग्निशामक वाहन, एंबुलेंस और लोकल पुलिस की उचित व्यवस्था थी। अभ्यास प्रदर्शन में अपर मंडल रेल रायपुर (परिचालन) लोकेश विश्नोई ,वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रायपुर डॉ. डीएन बिस्वाल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, बीएमवाई डॉ. बीके टोप्पो, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी रायपुर आरके देवांगन और सिविल डिफेन्स के सदस्य, स्काउट-गाइड , संरक्षा सलाहकार, सुपरवाइजर सहित बिलासपुर जोनल मुख्यालय और रायपुर मंडल के अधिकारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।














