कोरोना काल मे कोचिंग सेंटर बन्द हुआ तो संचालक ने कोंचिंग सेंटर को बदल दिया जुए के अड्डे में ,,
देश , 25-10-2020 11:35:41 PM
सूरत 25 अक्टूबर 2020 - कोरोना काल में ट्यूशन क्लासेज बंद होने से संचालक की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसने घर खर्च चलाने के लिए कोचिंग सेंटर में ही जुए का अड्डा चालू कर दिया। संचालक बाहर से लोगों को बुलाकर जुआ खेलवाता था। सूरत के कतारगाम थाने के पुलिस इंस्पेक्टर वनराज नाथूभा ने खुफिया जानकारी मिलने के बाद सोनाणी ट्यूशन क्लासेज में दबिश देकर संचालक समेत 07 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है।
इंस्पेक्टर नाथूभा ने बताया कि संचालक धर्मेश सोनाणी क्लासेज में जुआ खेलने वालों से 1000-1000 रुपए लेता था। पुलिस ने ट्यूशन क्लासेज की तलाशी ली तो आरोपी ऑफिस में बैठकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने दांव पर लगे 32970 रुपए, 29500 रुपए कीमत के मोबाइल समेत 64410 का सामान जब्त किया।
एसीपी धर्मेंद्र सिंह चावड़ा ने बताया कि कोरोना महामारी की वजह से स्कूल और ट्यूशन क्लासेज पूरी तरह से बंद हैं। क्लासेज बंद होने से संचालकों की आर्थिक स्थिति बिगड़ने लगी है। क्लासेज में लोगों का आना-जाना भी बंद हो गया है। इसी का फायदा उठाकर संचालक जुए का अड्डा चलाने लगा।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुए की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। अनलॉक में ढील मिलने के बाद रुपए कमाने के लिए कारखाने, ऑफिस में जुए का अड्डा चालू करने के कई मामले सामने आए हैं। बता दें अक्टूबर महीने में सूरत में सबसे ज्यादा 75 जुआरियों पर पासा के नए कानून के तहत कार्रवाई की गई है।














