छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर हुआ सक्रिय , इन जिलों में 48 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट ,
रायपुर , 22-08-2024 5:01:34 PM
रायपुर 22 अगस्त 2024 - छत्तीसगढ़ में फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 5 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में बारिश होगी, वहीं वज्रपात की भी आशंका जतायी गयी है।
मौसम विभाग के मुताबिक कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, महेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर, गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले 48 घंटे के लिए बलरामपुर जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही रहेगी, वहीं गरज चमक के साथ बारिश होगी।
मौसम विभाग के मुताबिक एक निम्न दाब का क्षेत्र मध्य बांग्लादेश के ऊपर स्थित है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किमी ऊंचाई तक फैला है। इसके अगले 48 घंटों तक उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। प्रदेश में इसके प्रभाव से बुधवार को बहुत से क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। 23 अगस्त से प्रदेश में वर्षा की गतिविधि बढ़ेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक यहां दो-तीन दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा। 24 अगस्त से नया सिस्टम बन रहा है, जिससे यहां बारिश के आसार हैं। रायपुर में आज दिन का तापमान 34 डिग्री और रात का पारा 26 डिग्री के आस पास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 अगस्त से प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों में भी वर्षा की गतिविधि बढ़ेगी।
















